केन्द्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारामन ने लोकसभा में 2019-20 का केन्द्रीय बजट पेश करते हुए कहा कि सरकार उन एनआरआई को आधार कार्ड जारी करने पर विचार करेगी, जिनके पास भारतीय पासपोर्ट हैं. इसके अलावा उन्होंने एक मिशन लांच करने का प्रस्ताव दिया, जो भारतीय पारम्परिक कारीगरों और उनके उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ेगा. उन्होंने कहा कि जहां भी आवश्यकता होगी इनके लिए पेटेंट और भौगोलिक संकेतक प्राप्त किए जायेंगे.
निर्मला सीतारमन ने अपने भाषण में कहा, ‘भारतीय पासपोर्ट धारक एनआरआई को 180 दिन की आवश्यक सीमा का इंतजार किए बिना आधार कार्ड जारी किया जाएगा.’ वित्त मंत्री की इस घोषणा से एनआरआई लोगों को बहुत फायदा होगा. वे आसानी से अपना केवाईसी पूरा कर सकेंगे और देश के अंदर वित्तीय लेन-देन कर सकेंगे.
एनआरआई लोगों को लाभ
जल्द आधार कार्ड मिलने से एनआरआई को आईटीआर फाइल करने में आसानी होगी. वर्तमान आधार नियमों के मुताबिक देश के हरेक नागरिक को आधार नंबर हासिल करने का अधिकार है. हालांकि भारतीय पासपोर्टधारक एनआरआई को 180 दिन तक इंतजार करना पड़ता है. आधार नंबर हासिल करने में इतना लंबा समय लगने की वजह से अनिवासी भारतीयों को काफी परेशानी होती थी.
गौरतलब है कि मोदी सरकार 2016 से ही प्रवासी भारतीयों को आधार कार्ड से जोड़ने का प्रयास कर रही थी. इस दिशा में तत्कालीन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने उस समय कहा था कि भारत के विकास में प्रवासी भारतीयों की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहन देने के लिए केंद्र सरकार उन्हें आधार कार्ड देने पर विचार कर रही है. सरकार प्रवासियों को आधार कार्ड देने पर जल्द ही निर्णय लेगी.
4 नए दूतावास
वित्त मंत्री ने कहा, अंतर्राष्ट्रीय समुदाय में भारत के बढ़ते प्रभाव और नेतृत्व को मजबूती प्रदान करने के लिए सरकार ने दूतावास और उच्चायोग उन देशों में स्थापित करने का निर्णय लिया है जहां अभी तक भारत का रेजीडेंट राजनयिक मिशन नहीं है. वित्त वर्ष 2019-20 के दौरान सरकार 4 नए दूतावास स्थापित करेगी. इससे विदेश में भारत की उपस्थिति में विस्तार होगा तथा दूतावास स्थानीय भारतीय समुदाय को बेहतर सेवाएं प्रदान करेगी.
मार्च, 2018 में सरकार ने अफ्रीका (रंवाडा, दिजिबाउती, इक्वेटेरियल ग्वीनिया, ग्वीनिया, कांगो गणराज्य, बुरकीना फासो, कैमरून, मॉरीटेनिया, केप वर्दे, सियरा लियोन, चाड, साओ तोम तथा प्रिंसिप, इरीट्रिया, सोमालिया, ग्वीनिया बिसाउ, स्वाजीलैंड, लाईबेरिया और टोगो) में 18 नए भारतीय राजनयिक मिशन स्थापित करने की मंजूरी दी. वित्त वर्ष 2018-19 के दौरान रंवाडा, दिजिबाउती, इक्वेटेरियल ग्वीनिया, ग्वीनिया गणराज्य और बुरकीना फासो में 5 दूतावास खोले जा चुके है.
आइकॉनिक पर्यटन केन्द्र
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार 17 आइकॉनिक पर्यटन केन्द्रों को विश्व स्तरीय गंतव्यों के रूप में विकसित कर रही है, जो अन्य पर्यटन केन्द्रों के लिए एक आदर्श केन्द्र साबित होगा. इससे पर्यटकों का अनुभव बेहतर होगा और इन स्थलों पर घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी.
शोएब मलिक ने एकदिवसीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की
पाकिस्तान के वरिष्ठ क्रिकेटर शोएब मलिक ने 06 जुलाई 2019 को एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. शोएब मलिक ने बांग्लादेश के खिलाफ खेले गये मैच में जीत हासिल करने के बाद यह घोषणा की. आईसीसी विश्व कप-2019 के अपने अंतिम मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश को 94 रनों से हराया.
शोएब मलिक ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा कि मैं एकदिवसीय क्रिकेट से संन्यानस ले रहा हूं. मैंने कुछ साल पहले ही फैसला कर लिया था कि मैं पाकिस्तान के आखिरी वर्ल्ड कप मैच के बाद रिटायर हो जाऊंगा. मैं इस बात से दुखी हूं कि क्रिकेट के उस फॉरमैट को अलविदा कह रहा हूं, जिससे कभी मुझे प्यार था लेकिन खुशी इस बात की है कि अपने परिवार के साथ बिताने के लिए अब मेरे पास ज्यादा वक्ति होगा.
शोएब मलिक के बारे में
• पाक क्रिकेटर शोएब मलिक ने 1999 में अंतरराष्ट्रीय एकदिवसीय क्रिकेट खेलना शुरू किया था. वह 20वीं सदी में डेब्यू करने वाले उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल थे, जो अब भी क्रिकेट खेल रहे हैं.
• वनडे क्रिकेट में शोएब मलिक ने 9 शतक और 44 अर्धशतक के साथ 7,534 रन बनाए हैं. साथ ही बतौर गेंदबाज उन्होंने 158 विकेट भी लिए हैं.
• शोएब ने 14 अक्टूबर 1999 में वेस्टइंडीज के खिलाफ शारजाह में अपने वनडे करियर का आगाज किया था. शोएब मलिक ने 287 वनडे मैचों में 34.55 के औसत से 7534 रन बनाए हैं.
• क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप यानी टी-20 में वे पाकिस्तान टीम के अहम खिलाड़ी हैं. उन्होंने पाकिस्तान के लिए 111 मैंचों में 30.58 की औसत से 2263 रन बनाए हैं.
• जून 2008 में आईसीसी ओडीआई ऑलराउंडर रैंकिंग में टीम के साथी शाहिद अफरीदी के बाद मलिक दूसरे स्थान पर रहे थे.
ट्वीट करके सबको शुक्रिया कहा
शोएब मलिक ने एक ट्वीट में लिखा, “मैंने आज एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया. उन सभी खिलाड़ियों को जिनके साथ मैंने क्रिकेट खेला, जिन कोचों ने मुझे ट्रेनिंग दी, परिवार, दोस्त और मीडिया सभी का शुक्रिया. खासतौर पर मैं अपने प्रशंसकों का बेहद शुक्रगुजार हूं. सभी को मेरा प्यार.”
पाकिस्तान वर्ल्ड कप से बाहर हुआ
इमाम उल हक के शतक और बाबर आजम के 96 रन की बदौलत पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 315 रन बनाये. जवाब में बांग्लादेश की टीम 44.1 ओवर में 221 रन पर आउट हो गई. इस विश्व कप में अब तक सर्वाधिक 606 रन बना चुके शाकिब अल हसन (64) को छोड़कर बांग्लादेश का कोई बल्लेबाज नहीं टिक सका. पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 94 रन से हरा दिया लेकिन सेमीफाइनल में जगह बनाने का सपना अधूरा रह गया.







